भोपाल
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने मंत्रालय स्थित प्रतिकक्ष में तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं, संस्थागत सुधारों एवं विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप तकनीकी शिक्षा को अधिक गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुखी, पारदर्शी एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएँ।
मंत्री परमार ने तकनीकी शिक्षा संस्थानों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने, स्थानीय औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप पॉलीटेक्निक एवं इंजीनियरिंग संस्थानों के पाठ्यक्रमों का युक्तियुक्तकरण करने तथा नवीन रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि युवाओं को कौशलयुक्त, आत्मनिर्भर और उद्योगों की अपेक्षाओं के अनुरूप सक्षम बनाना है।
बैठक में विश्वविद्यालयीन परीक्षाओं की पारदर्शिता, विश्वसनीयता एवं गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष चर्चा हुई। मंत्री परमार ने उत्तर पुस्तिकाओं के डिजिटल मूल्यांकन की व्यवस्था प्रारंभ करने तथा प्रश्नपत्रों की गोपनीयता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक डिजिटल प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे परीक्षा प्रक्रिया अधिक निष्पक्ष, सुरक्षित एवं विश्वसनीय बन सके।
मंत्री परमार ने तकनीकी शिक्षा संस्थानों में हिंदी भाषा में पाठ्यक्रम, पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने तथा प्रश्नपत्र हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संभागवार औद्योगिक एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं का अध्ययन कर उसी अनुरूप पाठ्यक्रम विकसित करने पर बल देते हुए कहा कि मातृ-भाषा में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना नई शिक्षा नीति की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है।
बैठक में उच्च शिक्षा विभाग की तर्ज पर अतिथि विद्वानों की समस्याओं के निराकरण, राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से संबंधित विभिन्न प्रकरणों, स्वशासी संस्थानों के विषयों तथा न्यायालयीन प्रकरणों को लेकर भी सार्थक चर्चा की गई। मंत्री परमार ने सभी विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विभागीय कार्यों में गति एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा मनीष सिंह एवं आयुक्त तकनीकी शिक्षा अवधेश शर्मा उपस्थित थे।

More Stories
कीर्ति सिंह द्वारा रचित पुस्तक ‘अप्सराएँ: सम्मोहन से परे’ का भव्य विमोचन
हेरिटेज ट्रेन के रूप में भी नहीं लौटेगी नैरोगेज, ग्वालियर से बानमोर तक ट्रैक हटेगा
RSS की बड़ी बैठक इंदौर में, मालवा प्रांत के होंगे दो हिस्से; इंदौर और उज्जैन संभाग में होगा विभाजन