भोपाल.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के प्रावधानों को लागू करने की दिशा में बढ़ाए कदमों का हार्दिक स्वागत किया है। आगामी 16 अप्रैल को संसद की बैठक हो रही है। इस बैठक और विशेष सत्र का आयोजन महिलाओं की भूमिका को सशक्त बनाने का माध्यम बनेगा।
मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी के मंत्र पर हो रहा निरंतर कार्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नारी सशक्तिकरण की इस यात्रा को अभूतपूर्व गति मिलेगी। हमारी बेटियां आज हवाई जहाज उड़ा लेती हैं और अंतरिक्ष में भी जाती हैं। जीवन के ऐसे क्षेत्रों में बहनें और बेटियां कार्य कर रही हैं, जिसकी हमने कभी कल्पना नहीं की थी। मध्यप्रदेश में उद्योग व्यवसाय के संचालन, पर्यटक स्थलों पर होम-स्टे के संचालन, टोल टैक्स की वसूली और नगरों एवं ग्रामों में मेयर और सरपंच जैसे पदों पर रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनकल्याण के कार्यों में बहनें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री जी के महिला सशक्तिकरण के मंत्र पर निरंतर कार्य हो रहा है।
संसद की तीन दिवसीय बैठक ऐतिहासिक सिद्ध होगी
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में पहले नारी शक्ति वंदन अधिनियम सभी दलों की सहमति से पारित किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने एक संदेश में कहा है कि वर्ष 2029 में जब लोकसभा के चुनाव होंगे तब हमारे देश की नारी शक्ति को प्रतिनिधि के रूप में लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत स्थान मिलना ही चाहिए। इसको लेकर देश में एक सकारात्मक माहौल दिख रहा है। इस विशेष कार्य के लिए 16,17 और 18 अप्रैल को संसद की विशेष बैठक हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संसद की यह तीन दिवसीय बैठक महिला सशक्तिकरण की दृष्टि से ऐतिहासिक सिद्ध होगी। आजादी के 100 साल पूरे होने तक विकसित भारत बनाने में नारी शक्ति की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण रहने वाली है।

More Stories
MP Semiconductor Summit: इंदौर में जुटेंगी वैश्विक कंपनियां, सेमीकंडक्टर सेक्टर में निवेश की तैयारी
मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव की तारीखों का ऐलान, निर्वाचन आयोग ने जारी किया कार्यक्रम
MP Weather Update: 11 जिलों में येलो अलर्ट, अमरकंटक में पारा 16 डिग्री से नीचे