गृह विभाग का बड़ा फेरबदल: 125 डिप्टी एसपी का ट्रांसफर, सीएम सुरक्षा टीम में भी बदलाव

लखनऊ
 उत्तर प्रदेश के गृह विभाग ने गुरुवार को दिन में 125 डिप्टी एसपी को नई तैनाती दी हैं। इनमें से अधिकांश वे हैं, जिनको हाल ही में निरीक्षक से पुलिस उपाधीक्षक के पद पर प्रोन्नत किया गया था। सरकार की ओर से जारी आदेश में सभी को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

इन ट्रांसफर में मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात अफसरों को भी बदला गया है। मुरादाबाद के कमलेश कांत को नोएडा और अशोक सिंह को जीआरपी गोरखपुर ट्रांसफर किया गया है। इंस्पेक्टर से डिप्टी एसपी पद पर प्रमोशन के बाद मुरादाबाद के कमलेश कांत को नोएडा कमिश्नरेट और सहारनपुर से शिव ठाकुर को मेरठ भेजा गया है। नोएडा प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक और हाई-प्रोफाइल कमिश्नरेट माना जाता है। यहां कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की बड़ी जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी।

मंजरी राव को प्रमोशन के बाद बलिया में ही पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है। शिल्पा वर्मा को कन्नौज भेजा गया है। इसके अलावा, अशोक कुमार सिंह को डिप्टी एसपी संत कबीरनबगर से डिप्टी एसपी रेलवे गोरखपुर के पद पर तैनाती मिली है। इमरान खान को ललितपुर से प्रयागराज पीएसी में सहायक सेनानायक नियुक्त किया गया है। लखनऊ पीएसी से धर्मेंद्र सिंह यादव को मुरादाबाद पुलिस अकादमी भेजा गया है।

मुख्यमंत्री सुरक्षा में लखनऊ कमिश्नरेट से सुधाकर द्विवेदी और भानु प्रताप सिंह को तैनात कर दिया गया है। इनको भी प्रमोशन मिला था। मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात रहे जितेंद्र कुमार-2 को आगरा कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है। पहले उनका तबादला शाहजहांपुर किया गया था, लेकिन संशोधित आदेश में उन्हें आगरा भेजा गया। वीवीआईपी सुरक्षा का अनुभव रखने वाले जितेंद्र कुमार अब पर्यटन नगरी आगरा में कानून-व्यवस्था संभालेंगे।

मुजफ्फरनगर में डिप्टी एसपी विनय कुमार द्विवेदी को वाराणसी कमिश्नरेट का एससीपी बनाया गया है। धार्मिक और पर्यटन के लिहाज से हमेशा व्यस्त रहने वाले वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी। मुजफ्फरनगर से विश्वजीत सिंह को जीआरपी मुरादाबाद में डिप्टी एसपी के पद पर तैनाती मिली है।

बाराबंकी से राम किशन को अब गाजियाबाद कमिश्नरेट में एसीपी बनाया गया है। दिल्ली से सटे एनसीआर क्षेत्र में आने वाले गाजियाबाद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण माना जाता है। अयोध्या से संदीप कुमार राय का तबादला प्रयागराज कमिश्नरेट में एसीपी के पद पर किया गया है। प्रयागराज में बड़े धार्मिक आयोजनों, कानून-व्यवस्था और छात्र गतिविधियों को देखते हुए उनकी नई तैनाती को अहम माना जा रहा है। अयोध्या के बाद संदीप कुमार राय दूसरी धार्मिक नगरी प्रयागराज पहुंचे हैं।

Spread the love