October 19, 2026

हरिद्वार में दिखा सैलानियों का हुजूम, नेशनल हाईवे पर लगा जाम

हरिद्वार

गर्मी की छुट्टियां और वीकेंड के चलते टूरिस्ट प्लेस पर आवाजाही काफी बढ़ गई है। उत्तराखंड के हरिद्वार में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। यहां वीकेंड पर घूमने आए टूरिस्ट का हुजूम दिखाई दिया। अधिक मात्रा में पहुंचे यात्रियों के चलते सड़कों का हाल-बेहाल हो गया। हरिद्वार-ऋषिकेश और देहरादून नेशनल हाईवे दोनों तरफ से खचाखच भरा दिखाई दिया।

काफी मात्रा में पहुंचे यात्रियों के चलते सड़कें गाड़ियों से बुरी तरह भरी दिखाई दीं। इसके चलते लंबे समय तक जाम लगा रहा और गाड़ियां रेंगती हुई नजर आईं, इससे शहर की रफ्तार मानों थम सी गई। ट्रैफिक के चलते रोडवेज बसें समय से बस स्टैंड नहीं पहुंच पाईं। इस कारण उन यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जो सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल करके यात्रा करने आए थे।

सड़कों पर उमड़ी गाड़ियों की भीड़ से अंदाजा लगाया जा सकता है कि टूरिस्ट प्लेस जैसे मंदिर और गंगा तट का क्या हाल होगा। हर की पौड़ी, मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर पर भी खचाखच भीड़ दिखाई दी। मंदिर प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखते हुए दर्शन करने का आह्वान किया। हालांकि अचानक बढ़ी इस भीड़ को पुलिस प्रशासन संभाल नहीं पाया, क्योंकि जो भी ट्रैफिक प्लान बनाया गया था, वो नाकाफी साबित हुआ।

 

Spread the love