मुंबई
महाराष्ट्र के पालघर में मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को भीषण जाम लगा रहा। इस जाम के चलते करीब 500 स्कूली छात्र-छात्राएं करीब 12 घंटे तक जाम में फंसे रहे। बुधवार को अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न स्कूलों की 12 बसें, जिनमें कक्षा पांच से लेकर दसवीं तक के छात्र सवार थे, करीब 12 घंटे तक जाम में फंसी रहीं। इससे बच्चे बिना भोजन-पानी के घंटों तक परेशान रहे।
मंगलवार शाम लगा जाम बुधवार सुबह तक भी नहीं खुल पाया
वसई के करीब मंगलवार शाम करीब 5.30 बजे मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी भीड़ के चलते जाम लग गया। हालात इस कदर खराब हो गए कि जाम में फंसे कई छात्र बुधवार सुबह करीब छह बजे अपने-अपने घर पहुंच पाए। इससे न सिर्फ छात्र बल्कि उनके परिजन भी खासे परेशान रहे। पुलिस ने बताया कि ठाणे और मुंबई के कई स्कूलों के छात्र मंगलवार को विरार के नजदीक पिकनिक मनाने गए थे। पिकनिक से लौटते हुए उनकी बसें जाम में फंस गईं। रात का समय होने के चलते छात्र कई घंटे तक बिना खाना-पानी के रहे।
बच्चों को हुई भारी परेशानी
स्थिति ये रही कि कई बच्चे रोने लगे। जाम में फंसे बच्चों के बारे में सूचना पाकर कुछ सामाजिक संगठनों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को पानी और बिस्किट आदि दिए। साथ ही स्थानीय लोगों की मदद से गलियों आदि से निकालकर कुछ बसों को निकाला गया। पुलिस ने बताया कि अभी भी जाम पूरी तरह से नहीं खुला है। बच्चों के परिजनों ने पुलिस प्रशासन से घटना को लेकर नाराजगी जाहिर की और मांग की कि भविष्य में इस तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

More Stories
जर्मन तकनीक से उपजाऊ बनेगी गोवा की बंजर जमीन, किसानों को मिलेगा नया अवसर
150 साल पुराना रेलवे रूट होगा इतिहास? अंग्रेजों के जमाने की गलती सुधारने की तैयारी में रेलवे
8th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बड़ा अपडेट, रिपोर्ट के बाद होंगे ये 5 अहम बदलाव?