October 21, 2026

कुराकाओ बना फीफा विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने वाला सबसे छोटा देश

किंग्सटन
कैरेबियाई क्षेत्र का छोटा सा द्वीप राष्ट्र कुराकाओ ने इतिहास रच दिया है। मंगलवार को जमैका के खिलाफ 0-0 से ड्रॉ खेलकर कुराकाओ ने पहली बार फीफा विश्व कप के लिए क्वालिफाई कर लिया। यह उपलब्धि हासिल करने वाला यह दुनिया का सबसे छोटा देश बन गया है।

कुराकाओ, जिसकी आबादी सिर्फ 1.56 लाख है, ने किंग्सटन में खेले गए मुकाबले में जमैका की ओर से हुए जोरदार दूसरे हाफ के दबाव को झेलते हुए जरूरी ड्रॉ हासिल किया, जिससे उसे संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में होने वाले आगामी विश्व कप का टिकट मिल गया।

‘ब्लू वेव’ के नाम से मशहूर टीम का यह सफर किसी परीकथा से कम नहीं रहा। छह मैचों में 12 अंकों के साथ कुराकाओ ने ग्रुप-B में शीर्ष स्थान हासिल किया और जमैका पर एक अंक की बढ़त के साथ क्वालिफिकेशन पक्का किया।

अगले साल पहली बार विश्व कप में टीमों की संख्या बढ़कर 48 होने जा रही है, और इसी के साथ कुराकाओ ने सबसे छोटे देश के तौर पर क्वालिफाई करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड आइसलैंड (2018) के नाम था, जिसकी आबादी करीब 3.5 लाख है।

 

Spread the love