आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में अब तक मुकाबला ChatGPT, Gemini और Copilot जैसे चैटबॉट्स के बीच था, लेकिन अब यह लड़ाई स्मार्टफोन तक पहुंच गई है.
चीन की AI कंपनी StepFun (StepX) ने दावा किया है कि उसने दुनिया का पहला एजेंटिक स्मार्टफोन पेश किया है. कंपनी का कहना है कि यह सिर्फ AI फीचर वाला फोन नहीं, बल्कि ऐसा फोन है जिसमें AI एक डिजिटल असिस्टेंट की तरह खुद फैसले लेकर कई काम कर सकता है.
इस नए फोन का नाम StepX Neo है. कंपनी ने इसे अपने नए AI ब्रांड StepX के साथ लॉन्च किया है. फोन में Step AOS नाम का नया ऑपरेटिंग सिस्टम दिया गया है, जिसे खास तौर पर एआई एजेंट के लिए तैयार किया गया है. इसमें Amoo नाम का बिल्ट-इन AI एजेंट मौजूद है. कंपनी का कहना है कि यह मॉडल, सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर को एक साथ जोड़कर काम करता है.
Agentic Phone क्या होता है?
आज के स्मार्टफोन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मौजूद है, लेकिन ज्यादातर मामलों में आपको हर काम के लिए अलग-अलग कमांड देनी पड़ती है. जैसे फोटो एडिट करनी हो, कैब बुक करनी हो या टिकट खरीदनी हो, तो हर स्टेप आपको खुद करना पड़ता है.
Agentic Phone की सोच इससे अलग है. इसमें यूजर सिर्फ अपना काम बताएगा और एआई एजेंट खुद कई स्टेप पूरे करने की कोशिश करेगा. उदाहरण के लिए अगर आप कहेंगे कि 'अगले शुक्रवार दिल्ली से मुंबई की सबसे सस्ती फ्लाइट बुक कर दो और होटल भी देख लो', तो एआई अलग-अलग ऐप खोलकर पूरा काम करने की कोशिश करेगा. यही वजह है कि इसे Agentic AI कहा जा रहा है.
StepX Neo में दिया गया Amoo AI एजेंट यूजर की आदतों को समझने, बातचीत याद रखने और जरूरत के हिसाब से फैसले लेने का दावा करता है. कंपनी के मुताबिक सिस्टम को इस तरह बनाया गया है कि एआई सिर्फ सवालों के जवाब न दे, बल्कि जरूरत पड़ने पर खुद भी एक्शन ले सके.
खुद से करेगा मल्टिपल टास्क
फोन में स्टेप एज नाम का ऑन-डिवाइस एआई मॉडल भी दिया गया है. इसका मतलब है कि कई एआई टास्क सीधे फोन पर ही पूरे किए जा सकते हैं. वहीं बड़े और मुश्किल काम के लिए क्लाउड एआई का इस्तेमाल होगा. कंपनी का दावा है कि इससे स्पीड भी बेहतर मिलेगी और कई मामलों में प्राइवेसी भी बढ़ेगी.
StepX ने कई बड़ी चीनी कंपनियों के साथ पार्टनर्शिप का भी ऐलान किया है. इनमें Alipay, Meituan, Didi, JD.com, WPS, Ctrip और दूसरे प्लेटफॉर्म शामिल हैं. इसका मकसद यह है कि एआई एजेंट एक ही जगह से अलग-अलग ऐप के साथ मिलकर काम कर सके.
फिलहाल कंपनी ने फोन की कीमत और बिक्री की तारीख का ऐलान नहीं किया है. हालांकि यह जरूर बताया गया है कि 17 जुलाई से शुरू होने वाले World Artificial Intelligence Conference (WAIC) में इस फोन का का पब्लिक शोकेस होगा.
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से OpenAI के एआई डिवाइस को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही थीं. ऐसे में StepX ने सबसे पहले एजेंटिक स्मार्टफोन पेश करने सुर्खियां बटोर ली हैं. देखना दिलचस्प होगा कि ये फोन कितना प्रैक्टिकल होता है और मास मार्केट के लिए लॉन्च किया जाता है या नहीं. अब तक जितने भी एआई डिवाइसेज फोन को रिप्लेस करने के लिए लॉन्च किए गए थे वो फ्लॉप ही रहे हैं.

More Stories
Amazon Sale में OPPO Reno16c 5G पर 29% छूट, 7,000mAh बैटरी वाले फोन की कीमत जानें
भारत में Starlink की जरूरत क्यों? ₹399 के Jio Fiber और ₹5,000 के सैटेलाइट इंटरनेट में समझें अंतर
सर्दियों में AC का यह मोड करेगा कमाल, बिना कूलिंग के हटेगी धूल और बिजली का बिल भी रहेगा कम