रायपुर
छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन ने मंत्रियों पर अपनी आंखें तरेरी है. मंत्रियों का परफार्मेंस आडिट किया गया है. भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने मंत्रियों की क्लास लगाई है. कुछ मंत्रियों को सख्त लहजे में परफार्मेंस सुधारने की हिदायत दी गई है. संगठन सूत्र बताते हैं कि सरकार के कुछ मंत्रियों की कारगुजारियां संगठन तक पहुंची थी. संगठन ने इसे गंभीरता से लिया है.
बताया जा रहा है कि संगठन नेताओं ने मंत्रियों से बातचीत दो लेयर में की है. पहले लेयर में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने मंत्रियों से बातचीत की और दूसरे लेयर में शिवप्रकाश और नितिन नबीन ने मंत्रियों से चर्चा की है. यह चर्चा बंद कमरे में की गई है. संगठन के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि संगठन नेताओं ने उन मंत्रियों को फटकार लगाई है, जो जमीन से दो फ़ीट ऊपर रहकर काम कर रहे हैं.
सख्त नसीहत भी दी गई
भाजपा संगठन के सूत्र बताते हैं कि आला नेताओं ने मंत्रियों के कामकाज से जुड़े विषयों पर सवाल पूछा है. संगठन कई मंत्रियों के कामकाज के तौर तरीकों नाराज है. इस पर भी गंभीर टिप्पणी की गई. संगठन द्वारा मंत्रियों को उनकी आदत और व्यवहार सुधारने की नसीहत दी गई. संगठन के आला नेताओं ने मंत्रियों को प्रशासनिक अधिकारियों की बढ़ती स्वेच्छाचारिता पर लगाम लगाने के निर्देश दिए हैं.
विधायकों पर भी चला डंडा
मंत्रियों से वन टू वन के पहले विधायकों की बैठक के दौरा भी राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश ने दो टूक फटकार लगाई है. उन्होंने कहा कि विधायक अपने बेतुके बयानों पर लगाम लगाए. विषय की जानकारी नहीं होने पर बेफ़िजूल बयानबाजी से बचे.

More Stories
लइका घर’ से संवर रहा ग्रामीण बचपन: कुपोषण पर प्रहार और शिक्षा की मजबूत नींव
प्रदेश में धमतरी जिला अव्वल; 501 राजस्व ग्रामों में ड्रोन सर्वे पूरा, 63 हजार से अधिक अधिकार अभिलेख तैयार
मुख्यमंत्री साय की उपस्थिति में 20 अक्टूबर को ताड़ोकी – रावघाट एवं अभनपुर – कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का होगा उद्घाटन