मेरठ
शहर में दिल्ली रोड पर जगदीश मंडप से ट्रांसपोर्ट नगर के गेट तक रैपिड रेल काॅरिडोर के कारण जाम की समस्या बनी है। इसके समाधान के लिए सड़क को दोनों ओर तीन-तीन मीटर चौड़ा किया जाएगा। इस चौड़ीकरण के लिए जिला प्रशासन ने 70 भवनों और भूखंडों से भूमि का अधिग्रहण किया है।
भूमि मालिकों को मुआवजा भुगतान के साथ ही अधिग्रहण का यह कार्य अब पूरा कर लिया गया है। जिसके बाद लोगों ने खुद ही भवनों के उस हिस्से को हटाना शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन जल्द अधिग्रहीत की गई भूमि को एनसीआरटीसी को सौंप देगा।
दिल्ली रोड पर सड़क चौड़ीकरण के लिए ध्वस्त किया निर्माण
नमो भारत (Namo Bharat) और मेरठ मेट्रो (Meerut Metro) रेल काॅरिडोर दिल्ली रोड पर जगदीश मंडप के पास भूमिगत हो रहा है। सड़क के बीचोबीच कारिडोर निर्माण के कारण सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण यहां जाम की समस्या बन गई है। जिससे शहर की जनता के साथ साथ यहां से गुजरने वाले लोग लंबे समय से परेशान हैं।
इसके समाधान के लिए एनसीआरटीसी ने सड़क के दोनों ओर नालों को तीन-तीन मीटर पीछे स्थानांतरित करके सड़क का चौड़ीकरण करने की तैयारी की है। इस चौड़ीकरण के लिए दोनो और 70 दुकानों, भवनों और भूखंडों से जमीन का अधिग्रहण किया गया है। जिला प्रशासन ने अधिग्रहण की प्रक्रिया को पूरा करके भूमि मालिकों के खातों में मुआवजा राशि भेज दी है।
67 भूमि मालिकों को मिले 56 करोड़
तीन भूखंडों पर विवाद सामने आया है। इनमें से ली जाने वाली भूमि की राशि को जिला प्रशासन कोर्ट में जमा कराएगा। अन्य 67 भूमि मालिकों को 56 करोड़ से ज्यादा राशि का भुगतान किया जा चुका है। भुगतान मिलने के बाद भूमि मालिकों ने इस हिस्से में हुए निर्माण को हटाना भी शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन का कहना है कि निर्माण हटने के बाद इस जमीन को अब एनसीआरटीसी को सौंप दिया जाएगा, जिसपर वह निर्माण शुरू करेगी।
छूटे खसरों से होगी सीधी खरीद
बीएसएनएल कार्यालय वाली साइड में चार खसरों की भूमि का अधिग्रहण नहीं हो सका है। एनसीआरटीसी के प्रस्ताव में यह खसरा संख्या छूट गए थे। अब इन खसरों की जमीन की सीधी खरीद करने का दावा किया जा रहा है।
चौड़ीकरण को लेकर खास तथ्य
800 मीटर लंबाई में दोनों ओर चौड़ी होगी सड़क
03 मीटर दोनों ओर होना है सड़क का चौड़ीकरण
70 दुकानों और भवनों की जमीन का हुआ अधिग्रहण
56 करोड़ रुपये बंट गया मुआवजा
इन्होंने कहा…
दिल्ली रोड के जाम के समाधान के लिए भूमि अधिग्रहण कर लिया गया है। इस भूमि को जल्द एनसीआरटीसी को सौंपकर सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूर्ण कराया जाएगा।
-डा. वीके सिंह, जिलाधिकारी।

More Stories
रक्षाबंधन पर योगी सरकार की बहनों को बड़ी सौगात, अब तक 188 करोड़ से ज्यादा के निशुल्क टिकट बांटे
मुख्य परीक्षा-2024 का परिणाम जारी, 10,272 उम्मीदवार पात्रता और अभिलेख परीक्षण के लिए चयनित
UPSSSC मुख्य परीक्षा का सफल आयोजन, योगी सरकार ने पारदर्शिता और सुरक्षा पर रखा खास जोर