खरगोन,गोगावां
शराब के अवैध परिवहन में कारों का उपयोग आम हो चुका है। ऐसे ही एक मामले में जिले की गोगावां पुलिस को सोमवार रात मुखबीर से सूचना मिली कि मोहम्मदपुर नहर किनारे के कच्चे रास्ते से एक कार से शराब का अवैध परिवहन किया जा रहा है।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित मार्ग पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद जब कार आई तो चालक ने पुलिस को देख कार की स्पीड बढ़ा ली और नाकाबंदी तोड़ते हुए भाग निकला। जब पुलिस कार का पीछा करने लगी तो कार चालक नहर किनारे कार खड़ी कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
जांच करने पर कार से अवैध देशी-विदेशी शराब की कुल 38 पेटियां जब्त की गई। पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपित द्वारा नहर किनारे के कच्चे रास्ते का उपयोग किया जा रहा था। वहीं आरोपित द्वारा कार की मूल नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई होना पाया गया है।
गोगावां थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया कि शराब के अवैध परिवहन की सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों को सूचित किया। एसपी रविंद्र वर्मा के निर्देश पर टीम का गठन कर मुखबीर द्वारा बताए रास्ते पर भेजा गया। मोहम्मदपुर नहर किनारे के कच्चे रास्ते पर कार को रोकने के लिए नाकाबंदी भी की गई।
लेकिन कार चालक नाकाबंदी तोड़कर फरार हो गया। पुलिस वाहन ने कार का पीछा किया तो चालक मोहम्मदपुर पेट्रोल पंप के पास नहर किनारे कार छोड़ भाग गया।
थाना प्रभारी यादव ने बताया कि कार पर लगी नंबर प्लेट पर एमपी 04 सीझेड 1926 लिखा था। इस आधार पर जांच की गई तो नंबर प्लेट फर्जी पाई गई है। कार के चेचिस नंबर से ज्ञात हुआ है कि कार इंदौर पासिंग है। आगे विवेचना में कार मालिक की जानकारी निकाली जा रही है।
पीछे की सीट व डिक्की में भरी थी पेटियां
पुलिस टीम द्वारा बैलेनो कार को चेक करने पर उसमें पीछे की सीट व डिक्की में शराब की पेटियां रखी होना पाई गई। इसमें 16 पेटी देशी शराब, 15 पेटी बीयर व 7 पेटी अंग्रेजी शराब की पाई गई। 38 पेटी में कुल 385.344 लीटर शराब जब्त की गई। कार व शराब को जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार आरोपित, कार मालिक व नेटवर्क की जानकारी निकाली जा रही है।
स्कूटी से हो रहा था शराब का अवैध परिवहन
- गोगावां पुलिस ने ही एक अन्य मामले में स्कूटी से हो रहे शराब के अवैध परिवहन पर कार्रवाई की है।
- थाना प्रभारी यादव ने बताया कि पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर ने सूचना दी कि एक स्कूटी पर ग्राम लाखी की ओर से हम्मदपुर की ओर अवैध शराब परिवहन किया जा रहा है।
- इस पर मोहम्मदपुर लाखी बायपास रोड पुल के पास टीम को भेजा गया।
- पुलिस को देख आरोपित स्कूटी छोड़कर भाग गया।
- चेक करने पर स्कूटी में आगे रखी बोरी व डिक्की में कुल 56 लीटर कच्ची शराब भरी पाई गई।
- स्कूटी के नंबर के आधार पर आगे की विवेचना की जा रही है।

More Stories
“सोलर रथ सह मोबाइल बूथ वैन” को दिखाई हरी झण्डी
भोजशाला सर्वे रिपोर्ट पर बड़ा खुलासा: दो साल पहले ही पक्षकारों तक पहुंच चुकी थी रिपोर्ट
स्कूल के लिए तैयार होकर घर से निकलकर रास्ता भटकी दो बालिकाओं को डायल-112 जवानों ने परिजनों से मिलाया