October 21, 2026

संन्यास से वापसी पर विनेश फोगाट को मिला पिता का साथ, महावीर फोगाट ने कही ये अहम बात

हरियाणा 
पहलवान विनेश फोगाट ने सन्यास के फैसले पर यू-टर्न लेते हुए मैट पर वापसी करने का फैसला किया है। उनके इस फैसले से उनके कोच एवं ताऊ द्रोणाचार्य अवार्डी महावीर फोगाट सहित खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है। 

महावीर फोगाट ने कहा कि विनेश के पास ओलिंपिक का लंबा अनुभव है जो उनके काम आएगा और वो इस बार पदक जीतने के सपने को अवश्य पूरा करेगी। उन्होंने पेरिस ओलिंपिक के बाद करीब 15 माह तक मैट से दूरी बनाने के बाद वापसी के सवाल पर कहा कि ये अधिक लंबा समय नहीं है, कई बार खिलाड़ी चोटिल होकर भी मैट से दूर रह जाता है। ओलिंपिक होने में करीब तीन साल का समय बचा हुआ है। इतने समय में वे आराम से कम बैक कर सकती हैं। 

वहीं ताऊ ने कहा कि ओलिंपिक का लंबा अनुभव उनके काम आएगा जो मेडल जीताने में मदद करेगा। 2024 पेरिस ओलिंपिक में जिस प्रकार वे 100 ग्राम वजन अधिक होने के कारण गोल्ड मेडल से वंचित रह गई थीं। उससे भी बड़ा सबक मिला है और इस प्रकार की सभी बातों पर ध्यान देकर विनेश खेल पर ध्यान केंद्रित करेंगी और देश को ओलिंपिक में गोल्ड मेडल दिलाएगी।

Spread the love