August 10, 2026

छत्तीसगढ़ में संदिग्ध बैंक लेनदेन का खुलासा, 10 लाख से अधिक ट्रांजेक्शन मामले में 13 गिरफ्तार

भिलाई नगर.

साइबर ठगी की रकम खपाने वाले 13 म्यूल बैंक खाताधारकों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। कमीशन के लालच में बैंक खाता, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक एवं सिम कार्ड उपलब्ध कराने का तथ्य सामने आया और खातों में 10 लाख रुपए से अधिक संदिग्ध ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार साइबर अपराधों एवं म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने थाना सुपेला, थाना भिलाई नगर एवं एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपीगण अपने एवं अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों को कमीशन / प्रतिफल के लालच में साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन एवं हस्तांतरण के लिए उपलब्ध करा रहे थे। एजेंटों के माध्यम से बैंक खातों से संबंधित पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक एवं सिम कार्ड प्राप्त कर साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित खाताधारकों ने 2 हजार से 15 हजार रुपए तक के कमीशन / प्रतिफल के बदले अपने बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज एवं साधन अन्य व्यक्तियों को उपलब्ध कराए गए। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित करने एवं छिपाने के लिए किया गया। प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर थाना सुपेला में धारा 318 (2), 318 (3), 318 (4) बीएनएस के तहत 10 आरोपियों तथा थाना भिलाई नगर में धारा 318 (2), 318 (3), 318 (4) बीएनएस के तहत 03 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की है।

Spread the love